फरीदकोट(मितल):-पंजाब के फरीदकोट में रविवार को कड़ाके की धूप के बाद, एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मध्य रात्रि तेज हवाओं के साथ कुछ हिस्से में पड़े ओले से फसलों को बड़ा पैमाने पर नुकसान हुआ है। सुबह से हो रही अब तक तेज बारिश से गांव से लेकर शहर तक में जल-जमाव की स्थित बन गई है। तीन घंटे में 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।रात्रि के समय तेज हवाओं के चलने से जिले के विभिन्न हिस्सों में पेड़ धराशायी हो गए, जिससे मध्य रात्रि से ही जिले भर में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली विभाग के पोल, बिजली तार टूटने के साथ ही दूसरे उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। विभाग कर्मी व अधिकारी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रयासरत हैं। शाम तक बिजली आपूर्ति जिले के कुछ हिस्सों में बहाल होने की बात अधिकारियों द्वारा की जा रही है।इसी प्रकार से पहले से ही बारिश व तेज हवाओं की चपेट में आने से गेहूं की धराशायी हुई फसल के लिए यह बारिश किसी सामत से कम नहीं है। गेहूं के साथ ही दूसरे खेतों में पानी भरा हुआ है, ऐसे में रविवार दिन भर धूप निकलने से किसानों को बची हुई फसल के घर आने की आशा थी, परंतु जिस प्रकार से एक बार फिर मौसम ने करवट ली है, उसे देखकर अब किसानों में निराशा है। फसल के पूरी तरह से नष्ट होने का अंदेशा बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञानी डॉ. सुधीर मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बारिश हो रही है। इसी कारण ही पंजाब में ऑरेंज अलर्ट 48 घंटों का जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ज्यादा बनी हुई है, जो कि गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है।

The post तेज बारिश ओर हवा से उखड़े पेड़ , बिजली गुल appeared first on Welcome Punjab News.
source https://welcomepunjab.in/heavy-rain-and-wind/